23 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों व आशाओं का सम्मान
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 7 अक्टूबर 2026। जनपद शाहजहांपुर में बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने की।
कार्यक्रम के दौरान रेसिपी प्रतियोगिता एवं हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को साड़ी, पोषण पोटली एवं हेल्थ किट देकर सम्मानित किया गया।
23 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में 23 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली 48 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, 32 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं 32 आशाओं को साड़ी देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं साड़ी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति जागरूकता और बेहतर कार्य करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, विधायक ददरौल अरविंद कुमार सिंह, जिला सहकारी बैंक के सभापति/अध्यक्ष डीपीएस राठौर, ब्लॉक प्रमुख खुटार नवनीत दीक्षित, महानगर उपाध्यक्ष वैभव खन्ना सहित मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
