रोजा पुलिस ने हत्या के मामले का 24 घंटे में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। थाना रोजा पुलिस ने हत्या के एक मामले का 24 घंटे के भीतर अनावरण करते हुए आरोपी अरविन्द पुत्र प्रभुदयाल निवासी ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सूजे भी बरामद किए गए हैं।

24 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग निवासी अवधकिशोर की तहरीर के आधार पर अरविन्द के खिलाफ मुकदमा संख्या 445/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर धारा 105 बीएनएस में घटोत्तरी करते हुए धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 अक्टूबर 2026 को रात 01:05 बजे आरोपी अरविन्द को ग्राम जलालपुर की नहर पटरी से जलालपुर की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया।

निशानदेही पर दो सूजे बरामद

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके ताऊ रामसनेही अक्सर उसकी मांग पर खाना और कुछ रुपये दिया करते थे। आरोपी के अनुसार वह इन रुपयों का इस्तेमाल नशे और अपने शौक पूरे करने में करता था।

पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर को आरोपी ने अपने ताऊ से रुपये मांगे, जिस पर रुपये देने से मना करने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने रामसनेही को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पूछताछ में आरोपी द्वारा बताए गए घटनाक्रम के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो सूजे बरामद किए हैं। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह पुलिस टीम रही शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अभिषेक, उपनिरीक्षक शिवम अग्रवाल, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, कांस्टेबल सावन मलिक और कांस्टेबल लविश रॉव शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

Previous Post Next Post