परिवार परामर्श केंद्र में 24 मामलों की सुनवाई, पांच दंपतियों में हुआ समझौता

 


काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से पांच दंपतियों को सकुशल विदा किया गया

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 7 अक्टूबर 2026। पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र में बुधवार को पारिवारिक विवादों से संबंधित 24 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। काउंसलिंग और आपसी बातचीत के माध्यम से पांच दंपतियों के बीच समझौता कराया गया, जिसके बाद सभी पांच दंपतियों को सकुशल विदा किया गया।

कांट थाना क्षेत्र का मामला

कांट थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। महिला करीब चार माह से मायके में रह रही थी। महिला ने पति पर शराब पीकर मारपीट करने तथा देवर पर भी मारपीट का आरोप लगाया। ससुराल पक्ष पर सोने की अंगूठी की मांग और बेटे के जन्म को लेकर दबाव बनाने की बात भी कही।

वहीं पति ने पत्नी द्वारा उसकी मां से विवाद किए जाने की बात कही और आगे मारपीट न करने का आश्वासन दिया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष समझौते के लिए तैयार हुए और उन्हें सकुशल विदा किया गया।

खुटार के दंपति ने भी सुलझाया विवाद

खुटार थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब ढाई वर्ष पहले हुई थी। महिला की पांच माह की बेटी है और वह दो माह से मायके में रह रही थी। महिला ने पति पर मारपीट और बेटी के जन्म को लेकर ताना देने का आरोप लगाया। उसने पति के साथ रहने की इच्छा जताई।

पति ने पत्नी को साथ रखने और उसके साथ उचित व्यवहार करने की बात कही। दोनों पक्षों की काउंसलिंग के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और दंपति को विदा किया गया।

रोजा क्षेत्र के दंपति में भी बनी सहमति

रोजा थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। महिला छह माह से मायके में रह रही थी और उसका दो वर्ष का बेटा है। महिला ने पति पर मारपीट और सास द्वारा परेशान किए जाने का आरोप लगाया।

पति ने पत्नी के साथ रहने की इच्छा जताते हुए आगे मारपीट न करने का आश्वासन दिया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

रामचंद्र मिशन क्षेत्र में भी सुलझा पारिवारिक विवाद

रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। महिला दो माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर मारपीट करने, खर्च न देने और मायके वालों से फोन पर बात करने को लेकर शक करने का आरोप लगाया।

पति ने भविष्य में मारपीट न करने की बात कही। दोनों पक्षों को समझाने के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ और उन्हें सकुशल विदा किया गया।

सेहरामऊ दक्षिणी के दंपति ने भी किया समझौता

सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के दंपति की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उनकी तीन वर्ष की बेटी है। महिला करीब तीन वर्ष से मायके में रह रही थी। उसने पति पर शराब पीकर मारपीट करने, खर्च न देने और बेटी की देखभाल न करने का आरोप लगाया।

महिला ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। वहीं पति ने शराब न पीने, पत्नी के साथ मारपीट न करने और पत्नी-बेटी को साथ रखने का आश्वासन दिया। काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और दंपति को सकुशल विदा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला आरक्षी रश्मि चौधरी, नेहा चौहान, पिंकी, शीतल, आरक्षी विनीत सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post