छह मामलों की सुनवाई, काउंसलिंग के बाद 14 माह से मायके में रह रही महिला पति के साथ गई
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। महिला थाना पुलिस ने पारिवारिक विवाद के एक मामले में काउंसलिंग के माध्यम से पति-पत्नी के बीच आपसी समझौता कराया। बुधवार को महिला थाना परिसर में पारिवारिक विवाद से संबंधित छह पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें एक दंपति को आपसी सहमति के बाद सकुशल विदा कराया गया।
पुलिस के अनुसार थाना रोजा क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब 10 वर्ष पूर्व हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते महिला करीब 14 माह से अपने मायके में रह रही थी। मामले में दोनों पक्षों को महिला थाना बुलाकर आमने-सामने वार्ता एवं काउंसलिंग कराई गई।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष साथ रहने को हुए तैयार
वार्ता के दौरान महिला ने पति एवं ससुराल पक्ष पर मारपीट, गाली-गलौज और दहेज की मांग करने के आरोप लगाए। साथ ही उसने कहा कि यदि पति उसे उचित तरीके से रखे तो वह उसके साथ रहने के लिए तैयार है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने भी अपनी पत्नी के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की। महिला थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उनके बीच के मतभेद दूर करने तथा पारिवारिक जीवन में आपसी समन्वय और सौहार्द बनाए रखने के लिए समझाया।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद दंपति को महिला थाना से सकुशल विदा कराया गया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रश्मि अग्निहोत्री, महिला उपनिरीक्षक सुषमा देवी, महिला कांस्टेबल निशा सिंह सहित महिला थाना पुलिस बल मौजूद रहा।
