फर्जी बैंक मैनेजर और आयकर निरीक्षक बनकर 27 लाख की ठगी करने वाला अंतरराज्यीय दंपती गिरफ्तार

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

सीतापुर। सीतापुर पुलिस ने फर्जी बैंक मैनेजर और आयकर निरीक्षक बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक अंतरराज्यीय दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को पंजाब नेशनल बैंक का शाखा प्रबंधक और वित्त मंत्रालय का आयकर निरीक्षक बताकर लोगों को सस्ते दाम पर नीलामी का सोना तथा कटे-फटे नोट बदलने का लालच देते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सीतापुर में भी 27 लाख रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया था। मामले के खुलासे के लिए कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में रोहित बाजपेई और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 14 लाख रुपये नकद, करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण, फर्जी पहचान पत्र एवं आधार कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और बिहार के विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक सीतापुर ने गिरोह का पर्दाफाश करने वाली कोतवाली नगर पुलिस और स्वाट टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

एसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति खुद को बैंक मैनेजर या आयकर अधिकारी बताकर सस्ते सोने अथवा कटे-फटे नोट बदलने का लालच देता है तो उसके झांसे में न आएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपों और बरामदगी से संबंधित अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।

Previous Post Next Post