स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 01 अक्टूबर। जनशिकायतों के निस्तारण में तेजी, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 44 शिकायतों का निस्तारण किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करेंगे।
01 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 44 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के घर या मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेगी तथा दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करेगी।
शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि इस अभियान से जनशिकायतों का मौके पर ही बेहतर और प्रभावी तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
