स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 21 अक्टूबर 2026। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, शाहजहाँपुर की ओर से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विकासखंड सिंधौली के ग्राम कजरी नूरपुर में 20 से 21 अक्टूबर 2026 तक दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित जानकारी देकर स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना रहा।
ग्राम प्रधान रुचि यादव ने किया उद्घाटन
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान श्रीमती रुचि यादव एवं श्री पुष्पेंद्र सिंह द्वारा किया गया। केंद्र प्रभारी श्री असीम कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण साहित्य भी वितरित किया गया तथा उनके लिए अल्पाहार एवं जलपान की व्यवस्था की गई।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में व्याख्यानदाता के रूप में पूर्व खाद्य प्रसंस्करण केंद्र प्रभारी श्री वीरेंद्र कुमार पाली, डीआरपी पवन कुमार, अखिलेश कुमार, अमन सहित अन्य लोगों ने प्रतिभागियों को जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत मिनी फ्लोर मिल, मिनी राइस मिल, मिनी ऑयल एक्सपेलर, दलिया निर्माण, मसाला उद्योग और मिल्क बेस्ड उत्पादों सहित विभिन्न खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के बारे में विस्तार से बताया गया। लाभार्थियों को इन क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया।
30 लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर कुल 30 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में संजय सिंह, अजय नारायण, पुष्पेंद्र सिंह, विनीत यादव, राहुल यादव, रामपाल, धर्मेंद्र यादव, मीना, रानी, अनीता देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में रोजगार के अवसर तलाशने और स्वरोजगार अपनाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
