स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 21 अक्टूबर 2026। शाहजहाँपुर रेलवे स्टेशन पर जननायक एक्सप्रेस में एक यात्री की मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर जीआरपी शाहजहाँपुर और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को ट्रेन से उतरवाकर सुरक्षित रखवाया। मृतक की पहचान नेपाल निवासी रोहित कुमार राजबंशी (38) के रूप में हुई है।
भाई के साथ पंजाब से नेपाल जा रहा था मृतक
पुलिस को स्टेशन मास्टर के माध्यम से मेमो द्वारा सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15212 जननायक एक्सप्रेस में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई की।
मृतक के साथ यात्रा कर रहे उसके भाई ने पुलिस को बताया कि वह रोहित कुमार के साथ पंजाब से मुजफ्फरपुर होते हुए नेपाल जा रहा था। उसके अनुसार, रोहित पहले से बीमार चल रहा था और यात्रा के दौरान उसकी मौत हो गई।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
मृतक की पहचान रोहित कुमार पुत्र घेनू लाल राजबंशी, निवासी ग्राम एवं थाना राजगढ़, जिला झापा, नेपाल, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
