स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 4 अक्टूबर 2026 को जिले में कुल 33 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को बनाया गया है।
अभियान के तहत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचकर शिकायत से संबंधित स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है और दोनों पक्षों से जानकारी एवं फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। इससे शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य जनशिकायतों का बेहतर और प्रभावी तरीके से मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।
