मिर्जापुर पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया

 

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। थाना मिर्जापुर पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को जरियनपुर स्थित शिव ढाबा के पास से मुखबिर की सूचना पर हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को किशोरी के पिता की तहरीर पर थाना मिर्जापुर में मु0अ0सं0 170/2026 के तहत धारा 87/137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान किशोरी की आयु तथा दर्ज बयानों के आधार पर अमर सिंह उर्फ कर्रु और विनोद उर्फ नेता के नाम प्रकाश में आए। इसके बाद मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर को गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिव ढाबा, जरियनपुर के पास से दोपहर करीब 1:50 बजे अमर सिंह उर्फ कर्रु पुत्र स्वर्गीय रामनिवास निवासी कटरा शाहदतगंज, थाना उसहैत, जनपद बदायूं तथा विनोद उर्फ नेता पुत्र राजेन्द्र निवासी सिकन्दरपुर कायस्थ, थाना मिर्जापुर, शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0 170/2026 में धारा 87/137(2)/65(1) बीएनएस एवं 3/4(2)/16/17 पॉक्सो एक्ट के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की बात कही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार, उपनिरीक्षक महेशपाल सिंह, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी दीपक मिश्रा और आरक्षी सचिन कुमार शामिल रहे।

Previous Post Next Post