शाहजहांपुर: संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 42 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 17 अक्टूबर 2026। तहसील कलान में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

खतौनी में नाम की गलती पर तत्काल कार्रवाई

संपूर्ण समाधान दिवस में दीपचंद ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक संशोधन कराकर उन्हें सही खतौनी उपलब्ध कराई।

वहीं, रियाजुद्दीन ने मत्स्य पालन के लिए आवंटित पट्टे की भूमि पर फसल उगाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले की तत्काल जांच कर नियमानुसार पट्टा निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही रियाजुद्दीन को मत्स्य पालन के लिए आवंटित सभी पट्टों की जांच कराने को भी कहा।

42 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

भूमि विवादों में संयुक्त टीम करेगी स्थलीय जांच

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी और स्थायी समाधान करना है। सभी अधिकारी शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ उनका निस्तारण करें।

उन्होंने अवैध कब्जे, चकमार्ग और अन्य भूमि संबंधी शिकायतों के मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर स्थलीय जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें, ताकि समस्याओं का निष्पक्ष और स्थायी समाधान हो सके। जनसमस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, डीसी मनरेगा यशोवर्धन सिंह, उपजिलाधिकारी कलान आशुतोष कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

Previous Post Next Post