विशेष अभियान के तहत शिकायतकर्ताओं के घर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण, दोनों पक्षों से लिया फीडबैक
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 7 अक्टूबर 2026। जनशिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने बुधवार को 43 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया।
पुलिस के अनुसार आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
मौके पर पहुंचकर शिकायतों का समाधान
अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
7 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थानों से प्राप्त शिकायतों में से कुल 43 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
शिकायतकर्ता को बार-बार थाने आने की जरूरत नहीं
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के बताए स्थान पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करती है और मामले में संबंधित दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर समाधान की स्थिति में शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने का प्रयास करती है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके पर निस्तारण की व्यवस्था से शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और निष्पक्षता बढ़ाने के साथ ही शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
