ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️
सीतापुर। महमूदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CEIR पोर्टल, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से 50 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वापस कर दिए।
मोबाइल वापस मिलने के बाद स्वामियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लोगों ने महमूदाबाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एवं उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक महमूदाबाद अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
गुमशुदा मोबाइलों की तलाश के लिए भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की सहायता ली गई। पुलिस के मुताबिक, अलग-अलग जिलों और राज्यों से ट्रेस किए गए 50 मोबाइल बरामद किए गए।
कार्यक्रम आयोजित कर लौटाए गए मोबाइल
थाना महमूदाबाद परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर मोबाइल स्वामियों को उनके बरामद फोन सौंपे गए। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का धन्यवाद किया।
बरामद मोबाइलों में वीवो, रियलमी, मोटोरोला, इनफिनिक्स, ओप्पो, रेडमी, पोको, वनप्लस, टेक्नो स्पार्क, लावा, एमआई सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मोबाइल अलग-अलग स्थानों से ट्रेस कर बरामद किए गए।
मोबाइल गुम होने पर CEIR पोर्टल पर करें शिकायत
पुलिस ने अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में उसके IMEI नंबर के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इससे गुम मोबाइल को ट्रैक करने की प्रक्रिया में पुलिस को तकनीकी सहायता मिलती है।
महमूदाबाद पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मोबाइल स्वामियों ने पुलिस टीम की सराहना की है।


