शाहजहांपुर में चेन स्नैचिंग का खुलासा, अपचारी किशोर अभिरक्षा में और दूसरा आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार



स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक अपचारी किशोर को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को एनसीसी तिराहे के पास मऊ खालसा रोड पर पीपल घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चेन छीनने की घटना हुई थी। तहरीर के आधार पर थाना सदर बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 551/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति सामने आए। पुलिस के अनुसार, यक्ष एप की सहायता से एक अपचारी किशोर की पहचान होने के बाद उसे 5/6 अक्टूबर की रात पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

छीनी गई चेन का आधा हिस्सा बरामद

पुलिस ने बताया कि अपचारी किशोर के कब्जे से छीनी गई चेन का करीब 6 ग्राम वजन का आधा हिस्सा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने दूसरे साथी की पहचान प्रेमपाल पुत्र रामपाल, निवासी बूचड़ी कैंट, थाना सदर बाजार, शाहजहांपुर के रूप में बताई।

पुलिस के अनुसार, अपचारी किशोर ने बताया कि प्रेमपाल चेन का दूसरा आधा हिस्सा लेकर कैंट क्षेत्र के जंगल की ओर चला गया है और सुबह पंजाब जाने की बात कह रहा था।

जंगल में पुलिस से मुठभेड़

सूचना के आधार पर थाना सदर बाजार पुलिस ने कैंट क्षेत्र के जंगल में कॉम्बिंग शुरू की। पुलिस के मुताबिक, कॉम्बिंग के दौरान एक स्थान पर प्रेमपाल ने पुलिस टीम को देखकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में प्रेमपाल के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई चेन का शेष आधा हिस्सा भी बरामद किया, जिसका वजन करीब 7 ग्राम बताया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

Previous Post Next Post