शाहजहाँपुर पुलिस का विशेष अभियान: जनशिकायतों के निस्तारण में 55 शिकायतों का मौके पर समाधान


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 19 अक्टूबर 2026। जनशिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोमवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुँचकर कुल 55 शिकायतों का निस्तारण किया।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सोमेश दीक्षित के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

शिकायतकर्ताओं के पास पहुँच रही पुलिस

विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतकर्ताओं के घर और मौके पर पहुँचकर उनकी समस्याओं का समाधान कराएँ। इसके तहत प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के प्रत्येक थाने में कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण करना है।

55 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

19 अक्टूबर 2026 को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जनपद के सभी थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 55 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया। पुलिस का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से थाने अथवा उच्चाधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना है।

दोनों पक्षों की सुनवाई पर जोर

शाहजहाँपुर पुलिस के अनुसार, शिकायतों के निस्तारण के दौरान संबंधित पक्षों से बातचीत कर उनका पक्ष सुना जाता है। मौके पर निरीक्षण करने के साथ शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाता है, ताकि समाधान की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सके और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित हो।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान से आमजन को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार थाने या पुलिस अधिकारियों के पास जाने की आवश्यकता कम होगी और समस्याओं का निस्तारण अधिक प्रभावी तरीके से मौके पर ही किया जा सकेगा।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post