प्रयागराज में मिशन शक्ति फेज-6.0: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए नौ दिनों तक चले विशेष कार्यक्रम


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज, 20 अक्टूबर 2026। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत 11 से 19 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर, गंगानगर और यमुनानगर जोन में पुलिस अधिकारियों, मिशन शक्ति टीमों, महिला बीट पुलिसकर्मियों और एंटी रोमियो स्क्वॉड ने अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

पैदल मार्च निकालकर महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

12 अक्टूबर को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पैदल मार्च निकाला गया। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छात्राओं ने भाग लिया। एलईडी वाहन के माध्यम से लघु फिल्म प्रदर्शित की गई तथा पोस्टर-बैनर और प्रचार सामग्री के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।

640 ग्राम प्रहरियों को किया गया सम्मानित

13 अक्टूबर को रिजर्व पुलिस लाइन्स, प्रयागराज में ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी सहित जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कमिश्नरेट प्रयागराज के 640 ग्राम प्रहरियों यानी ग्राम चौकीदारों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये किए जाने, पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और गांवों में संदिग्ध गतिविधियों एवं जमीन पर अवैध कब्जे की सूचना पुलिस तक पहुंचाने जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण में पुलिसकर्मियों तथा स्थानीय लोगों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया।

इसी क्रम में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी की महिला कैडेट्स ने भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी मिशन शक्ति का संदेश दिया गया।

नारी संरक्षण गृह में वितरित की गईं आवश्यक सामग्री

14 अक्टूबर को पुलिस आयुक्त, जिला प्रोबेशन अधिकारी, अपर पुलिस उपायुक्त नगर, एसीपी कोतवाली, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने खुल्दाबाद स्थित नारी संरक्षण गृह का दौरा किया।

इस दौरान दीपावली के अवसर पर खाद्य सामग्री, वस्त्र और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

छात्राओं को करियर गाइडेंस और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण

15 अक्टूबर को कमिश्नरेट के नगर, गंगानगर और यमुनानगर जोन के विभिन्न थानों में छात्राओं के लिए करियर गाइडेंस कार्यक्रम और साइबर सुरक्षा कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन और कोचिंग की जानकारी दी गई। यूपीएससी, यूपीपीएससी, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, जेईई मेन, नीट, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी जैसी परीक्षाओं की तैयारी, पंजीकरण प्रक्रिया, पाठ्यक्रम और सफलता की रणनीतियों के बारे में बताया गया।

साइबर सुरक्षा सत्र के माध्यम से सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।

परिवार परामर्श केंद्र की पहल, सुलझे पारिवारिक विवाद

16 अक्टूबर को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परिवार परामर्श केंद्र और विभिन्न थानों के मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों के निस्तारण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए। पति-पत्नी के विवादों के समाधान में सहयोग पाने वाली महिलाओं और उनके अभिभावकों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।

पिंक समाधान दिवस पर शिकायतों के निस्तारण पर जोर

17 अक्टूबर को नगर, गंगानगर और यमुनानगर जोन के विभिन्न थानों में पिंक समाधान दिवस, मिशन शक्ति केंद्र और तहसील दिवस के दौरान आई महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।

नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता

18 अक्टूबर को गंगानगर जोन के थाना सरायममरेज क्षेत्र की ग्राम पंचायत खिजिरिहा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसीपी क्राइम, एएचटीयू, एसजेपीयू और मिशन शक्ति टीम ने नुक्कड़ नाटक तथा लघु फिल्म के माध्यम से बाल विवाह और अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और महिला सशक्तीकरण से संबंधित जानकारी दी गई।

एसिड अटैक सर्वाइवर्स को किया गया प्रोत्साहित

19 अक्टूबर को कमिश्नरेट के नगर, गंगानगर और यमुनानगर क्षेत्रों में एसिड अटैक सर्वाइवर्स के प्रोत्साहन और सहयोग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उनके अधिकारों, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई। साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।

20 अक्टूबर को मॉडल मिशन शक्ति केंद्रों के कार्यक्रम

20 अक्टूबर को जार्जटाउन थाने में पुलिस आयुक्त की अध्यक्षता में मिशन शक्ति केंद्र को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित करने से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, मिशन शक्ति केंद्र की टीम और सिविल डिफेंस के सदस्यों ने भाग लिया। शारदीय नवरात्रि के दौरान संचालित दस दिवसीय विशेष अभियान का समापन भी किया गया।

थाना बहरिया में भी सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर और थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां साइबर हेल्पलाइन 1930 और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

तीनों जोन में लगातार चला जागरूकता अभियान

अभियान के दौरान नगर जोन में पूरामुफ्ती, कोतवाली, महिला थाना, सिविल लाइंस, धूमनगंज, कीडगंज, शाहगंज, मुठ्ठीगंज और एयरपोर्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

गंगानगर जोन में उतरांव, सरायममरेज, सरायइनायत, फूलपुर, फाफामऊ और हंडिया क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। वहीं, यमुनानगर जोन में मेजा, औद्योगिक क्षेत्र, करछना, नैनी और घूरपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया गया।

एंटी रोमियो स्क्वॉड ने की फुट पेट्रोलिंग

नवरात्रि के दौरान एंटी रोमियो स्क्वॉड, महिला बीट पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीमों ने पैदल गश्त तथा पीआरवी के माध्यम से पेट्रोलिंग की। मंदिरों, धार्मिक स्थलों, मेलों, पूजा पंडालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई।

पूजा पंडालों में महिला चौपाल आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद किया गया। पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ मर्यादित व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया और असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार

मिशन शक्ति अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवाएं 102 और 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।

पुलिस टीमों ने गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा, अधिकारों, स्वावलंबन और महिला अपराधों से संबंधित कानूनों के बारे में भी जागरूक किया।

कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जागरूकता, गश्त और सहायता संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।

Previous Post Next Post