स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। 70वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का समापन समारोह 17 अक्टूबर 2026 को उत्साह, उमंग और खेल भावना के माहौल में भव्य रूप से संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लगभग 120 एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत, मार्च पास्ट की ली सलामी
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्कर्ष द्विवेदी के आगमन पर जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार और आयोजन समिति के सदस्यों ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। गुरुनानक कन्या पाठशाला के छात्र-छात्राओं ने बैंड की मधुर धुनों के साथ मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने मुख्य अतिथि को बैज लगाकर तथा पौधे का गमला भेंट कर सम्मानित किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि को मार्च पास्ट के लिए निर्धारित स्थान पर ले जाया गया, जहां उन्होंने लगभग 21 विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं की परेड की सलामी ली। समारोह में विद्यार्थियों का अनुशासन और उत्साह देखते ही बना।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
डॉ. सुदामा प्रसाद बाल विद्या मंदिर कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सुंदर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वहीं आर्य महिला इंटर कॉलेज और श्याम लाल अग्नेलाल कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने स्वागत भाषण दिया और तीन दिनों तक चली प्रतियोगिता की प्रमुख गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
लगभग 120 स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, पोल वॉल्ट, हैमर थ्रो, त्रिकूद और भाला फेंक सहित लगभग 120 एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विजेता खिलाड़ियों और सहयोगियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया और उन्हें शील्ड प्रदान की गईं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तीन दिनों तक लगातार मेहनत करने वाले व्यायाम शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने आयोजन में सहयोग देने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, खेल शिक्षकों, निर्णायकों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलें तथा अपने जनपद और देश का नाम रोशन करें।
संयोजक डॉ. अमीर सिंह ने जताया आभार
प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. अमीर सिंह ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों, खेल शिक्षकों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए समय देना माध्यमिक शिक्षा परिवार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने मुख्य अतिथि का माध्यमिक शिक्षा परिवार की ओर से अभिनंदन किया।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश कुमार ने 70वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। इसके बाद प्रतियोगिता का ध्वज उतारा गया और उपस्थित छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं तथा अन्य कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया।
समारोह का समापन खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और खेल भावना को निरंतर प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ हुआ।
ये लोग रहे उपस्थित
समारोह का मंच संचालन अनिल कुमार मालवीय, तस्दीक खान और राकेश कुमार वर्मा ने किया। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बमनिया, आयोजक अनिल कुमार और संजय मौर्य, संयोजक डॉ. अमीर सिंह, कोषाध्यक्ष लेफ्टिनेंट मोहम्मद अय्यूब खान, मिहिर फिलिप्स, संजय कपूर, शाइस्ता नसीम, अनुपमा मौर्य, पूनम रानी, राजवीर सिंह, बाणासुर, डॉ. अंशिका जॉर्ज, अवधेश सिंह अरुण, मनीराम, जे.पी. मौर्य, दीपक कुमार दीक्षित, कैप्टन रत्नेश जायसवाल, शाहबाज आलम, रामकुमार यादव, रत्नेश शुक्ला, कैप्टन रामकुमार, राहुल सिंह, डॉ. ब्रजेश कुमार, राजीव श्रीवास्तव, राजीव अग्रवाल, यज्ञदत्त शर्मा, सत्यपाल, डी.पी. सिंह, गंगाराम प्रेमी, गौरव पांडे, शाजिया खानम, तबस्सुम खान और फरीन इकबाल सहित अनेक प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
लेखा समिति में रामफल सिंह, शिवेंद्र कुमार, गौरी शंकर वर्मा, योगेश कुमार, रामकुमार वर्मा, विनोद कश्यप और मोहम्मद जकी सहित अन्य सदस्यों ने मेहनत और समर्पण के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया।
