शाहजहांपुर नगर निगम में जनसुनवाई: दोनों शिकायतों का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को दिए निर्देश


स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर, 13 अक्टूबर। नगर निगम शाहजहांपुर में मंगलवार को “मेरा शहर-मेरा घर” अभियान के अंतर्गत संभव (SAMBHAV) के तहत जनसुनवाई दिवस आयोजित किया गया। सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त दोनों शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।

साफ-सफाई, पेयजल और नाली निर्माण से जुड़ी शिकायतें

जनसुनवाई में नागरिकों ने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, नाली निर्माण और कर विभाग से संबंधित समस्याएं उठाईं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह ने निर्देशित किया कि जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के समाधान में नागरिकों की संतुष्टि और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए।

मौके पर ही हुआ दोनों शिकायतों का समाधान

नगर निगम के अनुसार, जनसुनवाई दिवस में कुल दो समस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों की मदद से दोनों शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य, मुख्य अभियंता सिविल आशीष त्रिवेदी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और नगरवासी मौजूद रहे।

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

Previous Post Next Post