स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टिकरी और सुंदरनगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
पीएचसी टिकरी में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
पीएचसी टिकरी के निरीक्षण के समय तक 16 मरीजों को देखा जा चुका था। एआरवी और एएसवी का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। सीएमओ ने प्रसव कक्ष में रेडिएंट वार्मर को व्यवस्थित करवाया और चिकित्सा उपकरणों के उचित रखरखाव के निर्देश दिए।
उन्होंने शौचालय की नियमित सफाई कराने तथा दुर्गंध से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान डॉ. अवधेश कुमार, फार्मासिस्ट अजय सक्सेना, स्टाफ नर्स विनीता अल्बर्ट और सपोर्ट स्टाफ विपिन कुमार उपस्थित मिले।
पीएचसी सुंदरनगर में अनुपस्थित कर्मचारी पर कार्रवाई
इसके बाद सीएमओ ने पीएचसी सुंदरनगर का निरीक्षण किया। उस समय तक 44 मरीजों को देखा जा चुका था। निरीक्षण के दौरान डॉ. मेहताब आलम, डॉ. मृजलिका सिंह और फार्मासिस्ट वीके शुक्ला उपस्थित मिले।
वहीं, वार्ड बॉय राकेश कुमार 27 सितंबर से बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अवधि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
परिसर में औषधीय पौधे लगाने के निर्देश
सीएमओ ने चिकित्सालय परिसर में उगे खरपतवार को साफ कराने तथा वहां लेमनग्रास, तुलसी और सर्पगंधा जैसे औषधीय पौधे लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना, कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा स्वच्छता और चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव में सुधार करना रहा।
रिपोर्ट: स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
