लखनऊ: काकोरी पुलिस ने राजस्थान से वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार, ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायालय में किया पेश


जिला संवाददाता: कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 12 अक्टूबर 2026। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन के अंतर्गत थाना काकोरी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में वांछित अभियुक्त को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर लखनऊ पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, थाना काकोरी में दर्ज मुकदमा संख्या 270/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 74 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत अभियुक्त ओमप्रकाश पुत्र बाबूलाल वांछित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर अभियुक्त की लोकेशन राजस्थान के जोधपुर जिले के बिलाड़ा थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर थाना काकोरी की पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी को ग्राम भावी के बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को 9 अक्टूबर 2026 को रात करीब 9 बजे गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 10 अक्टूबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट, बालेसर की अदालत से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। 12 अक्टूबर को आरोपी को लखनऊ लाकर थाना काकोरी में दाखिल किया गया और आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थाना काकोरी के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार गुप्ता, हेड कांस्टेबल अजय यादव और हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार सोनकर शामिल रहे।

रिपोर्ट: जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

Previous Post Next Post