स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में विशेष पहल की गई। संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा अपर्णा मिश्रा को एक दिन के लिए जीआरपी थाना प्रभारी बनाया गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना
जीआरपी इंस्पेक्टर रमाकर यादव ने छात्रा का स्वागत किया और उन्हें थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान अपर्णा मिश्रा को पुलिस की जिम्मेदारियों, ड्यूटी रजिस्टर और थाने की दैनिक कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। छात्रा ने ड्यूटी रजिस्टर का अवलोकन भी किया।
इसके बाद छात्रा को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कराया गया, जहां उन्हें यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई।
महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना उद्देश्य
जीआरपी इंस्पेक्टर रमाकर यादव ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। इस तरह की पहल से बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली समझने और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर दरोगा ज्ञानेश बाजपेई, कांस्टेबल आदेश राठी, रजनीश कुमार, पुष्पेंद्र, पंकज सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
