स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 1 अक्टूबर 2026। सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात पुलिस द्वारा राजकीय आईटीआई रोजा में प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
प्रभारी यातायात ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “शहीदों की नगरी शाहजहांपुर से यातायात सुरक्षा का संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए।” उन्होंने प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षुओं को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी अपील की गई।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए भी प्रशिक्षुओं को प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि राहवीर योजना के तहत मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त हो सकता है।
प्रभारी यातायात ने कहा कि “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” के मंत्र को सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई के प्राचार्य, कर्मशाला अनुदेशक एवं प्रशिक्षु मौजूद रहे।

