लखनऊ: कार पार्किंग के विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन लोगों की मौत; आरोपी हिरासत में


जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 26 अक्टूबर। राजधानी लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता में सोमवार सुबह कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। बरगद के पेड़ के पास खाली जमीन पर पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान कथित तौर पर फायरिंग की गई। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई।

फायरिंग में तीन लोगों की गई जान

पुलिस की ओर से जारी मीडिया अपडेट के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे हुई। कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में ऋषभ शुक्ला, निवासी ब्राह्मणी टोला, नौबस्ता पर कथित रूप से अवैध पिस्टल से फायरिंग करने का आरोप है।

इस घटना में शिवाजी तिवारी (करीब 62 वर्ष), शिवेन्द्र तिवारी (करीब 55 वर्ष) और सुयश तिवारी (करीब 30 वर्ष) गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, उपचार के दौरान तीनों की मृत्यु हो गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस व पुलिस वाहन से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और फायरिंग के आरोपी ऋषभ शुक्ला (करीब 30 वर्ष) को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी जारी है। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post