स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढका उदरनपुर और अर्बन पीएचसी जलीकोठी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ढका उदरनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का सीएमओ ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इजहार खान, फार्मासिस्ट फईम, लैब टेक्नीशियन और वार्ड बॉय उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक 32 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका था, जबकि लैब टेक्नीशियन द्वारा 12 जांचें की गई थीं।
इसके बाद सीएमओ ने अर्बन पीएचसी जलीकोठी का निरीक्षण किया। यहां डॉ. जितेंद्र पाल, लैब टेक्नीशियन आकाश मिश्रा, स्टाफ नर्स मनीषा देवी सहित संबंधित स्टाफ उपस्थित मिला। ओपीडी में डॉ. जितेंद्र पाल द्वारा निरीक्षण के समय तक 42 मरीजों को देखा जा चुका था। वहीं 34 मरीजों को एआरवी वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी थी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के अंतः एवं बाह्य परिसर तथा शौचालयों में समुचित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
