निगोही में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; पांच तमंचे और कारतूस बरामद

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। थाना निगोही पुलिस ने अवैध शस्त्र निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, अधबना तमंचा, नाल, तमंचे की बॉडी, मोबाइल फोन और अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 4 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना निगोही पुलिस टीम ने ग्राम भटपुरा मिश्र और ग्राम मिलकिया के बीच स्थित एक खंडहर में करीब रात 2 बजे छापेमारी की। मौके से संतोष पुत्र रामलाल (करीब 45 वर्ष) निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह पुत्र गंगा सिंह (करीब 42 वर्ष) निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार किया गया।

बड़ी मात्रा में अवैध शस्त्र बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के चार अवैध देशी तमंचे और एक जिंदा कारतूस, 12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस, एक अधबना 315 बोर तमंचा, एक 315 बोर नाल और दो तमंचों की बॉडी बरामद हुई।

इसके अलावा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक की-पैड मोबाइल फोन और अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में बिक्री को लेकर जानकारी देने का दावा

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध शस्त्र बनाने का काम करते थे। इसके लिए कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान जुटाकर तमंचों के विभिन्न हिस्से एवं पुर्जे तैयार करते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनसान स्थानों पर तमंचे तैयार करते थे और तैयार हथियारों को होटल एवं ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों के माध्यम से कथित तौर पर 3 से 5 हजार रुपये में बेचते थे।

एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार संतोष के खिलाफ थाना निगोही में पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। वर्तमान मामले को मिलाकर उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 0455/2026, धारा 5/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरगेश कुमार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कांस्टेबल अमित पाल, कांस्टेबल सोहनवीर और कांस्टेबल सौरव वर्मा शामिल रहे।

Previous Post Next Post