प्रयागराज में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत संत-अधिवक्ता संवाद, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की उठी मांग

14 दिसंबर को लखनऊ में होगा राज्यस्तरीय ज्ञापन कार्यक्रम

ब्यूरो रिपोर्ट आमिर मिर्ज़ा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के अंतर्गत होटल मिलेनियम इन, प्रयागराज में संत-अधिवक्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संतों, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं, न्यायिक जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों और गौसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अभियान की मांगों और जनजागरण को व्यापक बनाने पर चर्चा की गई।

51 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य

आयोजकों के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 20 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं। अब 51 करोड़ हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान की प्रमुख मांगों में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए प्रभावी केंद्रीय कानून बनाना, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देना, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना करना तथा गोचर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना शामिल है।

14 दिसंबर को लखनऊ में राज्यस्तरीय ज्ञापन कार्यक्रम

अभियान के तीसरे चरण के अंतर्गत 14 दिसंबर 2026 को लखनऊ में राज्यस्तरीय ज्ञापन कार्यक्रम प्रस्तावित है। आयोजकों ने आमजन से अभियान से जुड़ने और व्यापक जनजागरण में सहयोग करने की अपील की।

नागरिक अभियान की वेबसाइट www.gausamman.cloud पर ‘वोट फॉर गौ माता’ पहल के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर कर सकते हैं। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह जनभागीदारी की पहल है, आधिकारिक मतदान प्रक्रिया नहीं।

इस संबंध में प्रसिद्ध कवि एवं चित्रकार रवीन्द्र कुशवाहा ने मीडिया को जानकारी दी।

संतों और न्यायिक जगत की हस्तियों ने की सहभागिता

कार्यक्रम में परम पूज्य अच्युतानंद सरस्वती महाराज, परम पूज्य गोपेश बाबा महाराज, न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव, इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. उपाध्याय, महासचिव संतोष मिश्रा, कोषाध्यक्ष मुकुल पांडेय तथा पूर्व जिला बार अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गो-संरक्षण से जुड़ी मांगों को व्यापक जनसमर्थन दिलाना और संबंधित विषयों पर जनजागरण को बढ़ावा देना है।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post