क्षेत्रीय योगासन प्रतियोगिता में दीपांशी ने हासिल किया प्रथम स्थान, अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए असम जाएगी

 

ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

बिसवां। सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, पुरवारी टोला, बिसवां की कक्षा 8 की छात्रा बहन दीपांशी ने योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा 8 के छात्र भैया हिमांशु ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद छात्रा दीपांशी अब अखिल भारतीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए असम जाएगी। उसकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं प्रबंध समिति ने उसका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर प्रांतीय शैक्षिक प्रमुख श्री सुरेश सिंह, विद्यालय के प्रबंधक श्री विमलेश अवस्थी एवं कोषाध्यक्ष श्री वन्दन रस्तोगी ने दीपांशी को रोली का टीका लगाकर ट्रैक सूट प्रदान किया। उन्होंने अखिल भारतीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दीपांशी को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय की सभी आचार्याओं ने भी छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दीपांशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं आचार्य परिवार के मार्गदर्शन तथा नियमित अभ्यास को दिया।

विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि दीपांशी अखिल भारतीय स्तर पर भी अपने प्रदर्शन से विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेगी। उसकी सफलता से विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी योग एवं खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।

Previous Post Next Post