डीएम ने बाढ़ प्रभावित बेलवा बसहिया का किया निरीक्षण, बिसवां में 112 शिकायतें सुनीं—11 का मौके पर निस्तारण

सहायक ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️

सकरन/बिसवां, सीतापुर। जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने शनिवार को तहसील बिसवां में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करने के साथ बाढ़ प्रभावित गांव बेलवा बसहिया का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बेलवा बसहिया में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

बाढ़ प्रभावित बेलवा बसहिया पहुंचे जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर बाढ़ से हुए नुकसान और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय तक जाने वाला मुख्य रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विद्यालय में शिक्षक की अनियमित उपस्थिति की शिकायत भी जिलाधिकारी से की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को सीमांकन, बीडीओ को रास्ते की व्यवस्था कराने और बीएसए को शिक्षक की उपस्थिति की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान राजस्व टीम एवं पुलिस बल भी मौजूद रहा।

संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचीं 112 शिकायतें

तहसील बिसवां में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 112 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्राप्त शिकायतों में राजस्व, विद्युत, विकास एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामले प्रमुख रहे।

बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की बिसवां, महमूदाबाद, लहरपुर और सदर तहसीलें बाढ़ से प्रभावित हैं। उनके अनुसार बिसवां क्षेत्र में लगभग 77 हजार किसान प्रभावित हुए हैं। शासन की ओर से 18 करोड़ रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई गई है। इसकी कंप्यूटर फीडिंग पूरी होने के बाद राहत राशि का वितरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सर्वे से छूटे किसानों को भी चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

50 टीबी मरीजों को वितरित किया पोषाहार

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सेकसरिया बिसवां शुगर फैक्ट्री द्वारा गोद लिए गए 50 टीबी मरीजों को पोषाहार वितरित किया गया। इस दौरान मिल के मुख्य प्रबंधक गणेश केसरवानी एवं प्रबंधक संतोष सिंह मौजूद रहे।

बार एसोसिएशन व लेखपालों ने सौंपे ज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित नए प्रावधानों को लेकर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने नई प्रक्रिया से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ने की बात कही। वहीं लेखपालों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

Previous Post Next Post