ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के ‘दिल्ली चलो’ आह्वान के तहत आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महारैली की तैयारियों को लेकर बलरामपुर के तहसील कैंप कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और रैली को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचने की अपील की
बैठक की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवलाल कोरी ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों और कथित तानाशाही रवैये के खिलाफ अब चुप बैठने का समय नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर महारैली को सफल बनाने और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का आह्वान किया।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का उठाया मुद्दा
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक दामोदर गुर्जर तथा प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने केंद्र सरकार पर संविधान के अनुरूप काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में विशाल महारैली आयोजित की जा रही है।
वहीं, पीसीसी प्रतिनिधि आशुतोष मिश्रा, एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राज बहादुर यादव, डॉ. राकेश त्रिपाठी और पंकज गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि दिल्ली रैली के माध्यम से सरकार तक स्पष्ट संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो कांग्रेस कार्यकर्ता वर्ष 1942 के स्वतंत्रता आंदोलन की तर्ज पर संघर्ष करेंगे।
बैठक में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह, पूर्व प्रदेश सचिव चंद्रशेखर मिश्रा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अफरोज खान, खलीउल्लाह, उमाशंकर तिवारी, विनय मिश्रा, अवधेश पाल, त्रियुगी द्विवेदी और अमिरका कुरील सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, आपसी एकजुटता बनाए रखने और दिल्ली महारैली में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
