स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 01 अक्टूबर। जनपद में 01 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान नगर विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान सहित अन्य विभागों द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
नगर विकास विभाग द्वारा नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खुले में शौच की रोकथाम तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, हाथ धोने, शौचालय के प्रयोग, जल निकासी, शुद्ध पेयजल तथा झाड़ियों और तालाबों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण कर उन्हें पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाएगा। शिक्षा विभाग विद्यालयों में स्वच्छता, हाथ धोने और शौचालय के प्रयोग को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक करेगा। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को जागरूक करने तथा सुअर बाड़ों को आबादी से दूर स्थापित कराने की कार्रवाई की जाएगी।
कृषि एवं सिंचाई विभाग जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों के प्रजनन को रोकने, नहरों के आसपास साफ-सफाई तथा मच्छररोधी पौधों के रोपण के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोगों एवं बुखार के मामलों की निगरानी, रोगियों के परिवहन की व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, कोविड जांच एवं टीकाकरण, क्षय रोगियों की जांच एवं उपचार तथा वाहक नियंत्रण गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
उद्यान विभाग द्वारा सार्वजनिक उद्यानों एवं विद्यालयों में मच्छर विकर्षी पौधों का रोपण कराया जाएगा। वहीं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र को सुदृढ़ करने तथा दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसामान्य को संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वच्छता, जलभराव की रोकथाम और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, कृषि रक्षा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
