अंतरमहाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की टीम रही द्वितीय

 

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। अंतरमहाविद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता के महिला वर्ग में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन आर्य महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में किया गया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की ओर से लायबा रिजवान (कप्तान), वैष्णवी मिश्रा, अर्पणा सिंह एवं अज़रा परवीन ने प्रतिभाग किया। टीम की उत्कृष्ट रणनीति, धैर्य और खेल कौशल ने प्रतियोगिता में उपस्थित सभी का ध्यान आकर्षित किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न चरणों में आत्मविश्वास के साथ मुकाबले खेले और अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, धैर्य, दूरदर्शिता और सही समय पर निर्णय लेने की कला का परिचायक भी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर किसी भी क्षेत्र में सफलता अर्जित की जा सकती है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रोफेसर अजीत सिंह चारग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्राओं ने एक अच्छे खिलाड़ी के लिए आवश्यक सभी गुणों का उत्कृष्ट परिचय देते हुए विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाली प्रतियोगिताओं में टीम और बेहतर प्रदर्शन करेगी।

विश्वविद्यालय के क्रीड़ा उपसचिव डॉ. प्रांजल शाही ने कहा कि इस उपलब्धि से खिलाड़ियों का उत्साह निश्चित रूप से बढ़ा है। आगामी प्रतियोगिताओं में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए क्रीड़ा विभाग की ओर से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और प्रतियोगितात्मक तैयारी को और अधिक व्यवस्थित एवं योजनाबद्ध रूप दिया जाएगा।

Previous Post Next Post