स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीपी श्रीवास्तव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरियनपुर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। हड़ताल के चलते संविदा कर्मचारियों की अनुपस्थिति भी सामने आई।
सीएचसी जलालाबाद में छह महिलाएं प्रसव के लिए भर्ती
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद के निरीक्षण के दौरान नियमित चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी कार्य करते मिले, जबकि संविदा कर्मचारी हड़ताल के कारण अनुपस्थित थे। मेडिकल बॉन्ड के एक चिकित्सक उपस्थित मिले, जबकि दूसरे चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए।
इस पर एसीएमओ डॉ. पीपी श्रीवास्तव ने चिकित्सा अधीक्षक को अनुपस्थित चिकित्सक की सूचना डीजीएमई को भेजने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्रसव के लिए छह महिलाएं भर्ती मिलीं, जिनमें से चार का प्रसव हो चुका था।
सीएचसी जरियनपुर में आशा कार्यकत्रियों से किया संवाद
इसके बाद एसीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरियनपुर का निरीक्षण किया। यहां एमओआईसी डॉ. आदेश रस्तोगी फील्ड विजिट पर थे। नियमित चिकित्सा अधिकारी और कर्मचारी कार्य करते मिले, जबकि संविदा कर्मचारी हड़ताल के कारण अनुपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान आशा कार्यकत्रियां अस्पताल परिसर में धरने पर बैठी मिलीं। एसीएमओ ने उनसे बातचीत करते हुए बताया कि उनकी मांगों को शासन तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने आशा कार्यकत्रियों से संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान में कार्य जारी रखने की अपील की।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के संचारी रोग अभियान में कार्य करने पर आशा कार्यकत्रियों के लिए शासन की ओर से 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है, जो निर्धारित कार्य करने पर उन्हें मिलेगी।
सीएचसी जरियनपुर में मेडिकल बॉन्ड के दोनों चिकित्सक अनुपस्थित मिले। एसीएमओ ने उनकी अनुपस्थिति की सूचना डीजीएमई को भेजने के निर्देश दिए।
पीएचसी कलान में ओपीडी में मरीज देखते मिले प्रभारी
निरीक्षण के अंतिम चरण में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलान का जायजा लिया। यहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर्येंद्र कुमार ओपीडी में मरीजों का उपचार करते मिले। अन्य नियमित कर्मचारी भी अपने कार्य में लगे हुए थे, जबकि संविदा कर्मचारी हड़ताल के कारण अनुपस्थित थे।
स्वास्थ्य केंद्रों के इस निरीक्षण के माध्यम से विभागीय व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। अनुपस्थित मेडिकल बॉन्ड चिकित्सकों के संबंध में आवश्यक सूचना भेजने के निर्देश भी दिए गए।
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
