स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध जिला चिकित्सालय के रक्तकोष विभाग में आयोजित सम्मान समारोह में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा शाहजहांपुर को रक्तदान एवं मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से सचिव डॉ. विजय जौहरी ने सम्मान प्राप्त किया। उन्हें शाल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष तथा सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जनपद में रक्तदान को जनअभियान बनाने की दिशा में कार्य करेगी। व्यापार मंडलों, सामाजिक संस्थाओं, युवाओं एवं समाजसेवियों के सहयोग से ब्लड ग्रुप कार्ड अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अपने रक्त समूह की जानकारी हो और जरूरत के समय रक्तदाताओं तक शीघ्र पहुंच बनाई जा सके।
डॉ. जौहरी ने कहा कि “जन्मदिन पर मां के नाम रक्तदान” संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। जन्मदिन जैसे विशेष अवसर को किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने से जोड़ते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और मेडिकल कॉलेज का रक्तकोष मानव जीवन की रक्षा के उद्देश्य से समाज को रक्तदान के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई जाति या धर्म नहीं होता और आवश्यकता पड़ने पर यही रक्त किसी भी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा करता है।
समारोह में रक्तकोष विभागाध्यक्ष डॉ. जीतू राज, मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. एनपी गंगवार, जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. सरोज कुमार तथा मेडिकल कॉलेज के संबंधित विभाग के डॉ. शादाब हुसैन सहित चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल के सचिन बाथम, रोजा थर्मल पावर के अवनीश, केआर पेपर मिल के शर्मा जी, रोटरी क्लब, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अनेक समाजसेवियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
डॉ. विजय जौहरी ने सम्मान के लिए मेडिकल कॉलेज के रक्तकोष विभाग, चिकित्सकों तथा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान रेड क्रॉस से जुड़े सभी स्वयंसेवकों और उन रक्तदाताओं का सम्मान है, जो निस्वार्थ भाव से मानव जीवन बचाने के लिए आगे आते हैं।
“रक्तदान—मानवता की पहचान, जीवन बचाना हमारा संकल्प।”
डॉ. विजय जौहरी
सचिव, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहांपुर
