मारपीट, धमकी और अपहरण के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

 


पुलिस ने घर से दबोचा, मामले में नामजद अन्य आरोपी की तलाश जारी

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। थाना तिलहर पुलिस ने मारपीट, धमकी और अपहरण के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर 2026 को तिलहर निवासी पार्थ पुत्र शशिकान्त ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि मुकदमा लिखाने की रंजिश को लेकर आरोपियों द्वारा फोन पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। इसके अलावा रास्ते में चार पहिया वाहन से उनकी मोटरसाइकिल को रोकने तथा उनके साथी संदीप पुत्र रविन्द्र विक्रम को कांच की बोतल मारकर घायल करने का आरोप लगाया गया।

तहरीर में एक अन्य साथी बाबूदीन पुत्र पच्चू को वाहन में जबरन बैठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया था।

तहरीर के आधार पर थाना तिलहर में मु0अ0सं0 497/2026, धारा 126(2)/140(3)/118(1)/115(2)/352/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान वादी एवं पीड़ित के अतिरिक्त बयानों के आधार पर धारा 140(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

घर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी ऋषभ उर्फ मिनी गुरु पुत्र रामअवतार, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी ग्राम खिरिया सत्तु, थाना कटरा, शाहजहांपुर को मुखबिर की सूचना पर 7 अक्टूबर 2026 को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को सुबह करीब 6:15 बजे हिरासत में लिया गया। मामले में नामजद आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रभाषचन्द्र, उपनिरीक्षक गौरव शर्मा, हेड कांस्टेबल भारतमणि और कांस्टेबल शरद यादव शामिल रहे।

Previous Post Next Post