जरूरतमंद मरीज अंजली मिश्रा को दिया एक यूनिट रक्त, बेटे अर्पित के साथ पहुंचीं अस्पताल
स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जरूरतमंद की मदद के लिए समय और परिस्थितियों की परवाह किए बिना आगे आने वाली समाजसेवा की मिसाल महानगर में देखने को मिली। रात करीब 9 बजे जैसे ही सहयोग संस्था एवं रानी लक्ष्मीबाई विंग की अध्यक्ष स्तुति गुप्ता को जानकारी मिली कि जिला अस्पताल में मदनापुर निवासी अंजली मिश्रा को तत्काल रक्त की आवश्यकता है, वह अपने बेटे अर्पित गुप्ता के साथ तुरंत अस्पताल पहुंच गईं।
स्तुति गुप्ता ने जरूरतमंद मरीज अंजली मिश्रा के लिए एक यूनिट रक्तदान किया। बताया गया कि उन्होंने कुछ माह पहले भी रक्तदान शिविर में एक यूनिट रक्तदान किया था। इसके बावजूद जरूरतमंद मरीज की मदद के लिए वह तत्काल अस्पताल पहुंचीं।
जरूरत के समय मदद करना ही सच्ची समाजसेवा
इस मौके पर सहयोग संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता प्रधान एवं अधिवक्ता शाहनवाज खान ने स्तुति गुप्ता के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय किसी की जिंदगी बचाने के लिए आगे आना ही सच्ची समाजसेवा की पहचान है।
उन्होंने कहा कि सहयोग संस्था से जुड़े लोग लगातार जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं और संस्था के सदस्यों में समाजसेवा की भावना ही सबसे बड़ी ताकत है। स्तुति गुप्ता के इस प्रयास से जरूरतमंद मरीज और उसके परिजनों को तत्काल मदद मिल सकी।
