
तीनों मृतक (फाइल फोटो)
ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता, सीतापुर ✍️

सीतापुर। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के सरैया मसूदपुर गांव में चौका नदी के बाढ़ के पानी में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पिता, उनका 13 वर्षीय बेटा और 17 वर्षीय भतीजा शामिल हैं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
बेटे को बचाने के लिए पानी में उतरे पिता और भतीजा
जानकारी के अनुसार सरैया मसूदपुर निवासी सुरेंद्र अपने 13 वर्षीय बेटे सौरभ और 17 वर्षीय भतीजे शोभित के साथ चौका नदी के किनारे गए थे। बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण नदी का पानी गांव के किनारे तक पहुंच गया है।
इसी दौरान सौरभ का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। बेटे को डूबता देख सुरेंद्र और भतीजा शोभित उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों पानी में डूब गए।
करीब दो घंटे की तलाश के बाद मिले शव
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और गोताखोरों को सूचना दी। करीब दो घंटे तक तलाश और बचाव अभियान चलाने के बाद तीनों के शव बरामद किए गए। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
एक रात पहले ही मनाया था शोभित का जन्मदिन
हादसे को और भी दर्दनाक बनाने वाली बात यह है कि 17 वर्षीय शोभित का जन्मदिन घटना से एक रात पहले ही मनाया गया था। परिवार में जन्मदिन को लेकर खुशी का माहौल था और जश्न मनाया गया था। अगले ही दिन हादसे में उसकी मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। प्रशासन और पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों से बाढ़ के पानी और नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा बच्चों को ऐसे स्थानों पर अकेले न जाने देने की अपील की गई है।