दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। आगामी दुर्गा पूजा (नवरात्रि) एवं दशहरा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना महाराजगंज तराई परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव एवं प्रभारी निरीक्षक थाना महाराजगंज तराई की उपस्थिति में संपन्न हुई।

बैठक में थाना क्षेत्र के दुर्गा प्रतिमा आयोजक, रामलीला आयोजक, ग्राम प्रधान, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, दोनों समुदायों के धर्मगुरु, डीजे संचालक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा शासन की गाइडलाइन से अवगत कराया।


अधिकारियों ने सभी आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा किसी समस्या, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी से सहयोग की अपेक्षा की। उपस्थित आयोजकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पुलिस-प्रशासन को आश्वस्त किया कि आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Previous Post Next Post