ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ के अवसर पर विशाल विरोध जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
जुलूस के दौरान आयोजित सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव चंद्रशेखर मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, अवधेश पाल सिंह, डॉ. प्रतीक मिश्रा, विजय उपाध्याय और डॉ. खलीउल्लाह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
नेताओं ने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएं सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रही हैं और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ पुलिस का व्यवहार निंदनीय है। नेताओं के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष अपनी बात रखने जा रहे विपक्षी नेताओं को रोक दिया गया और करीब सात घंटे धरने पर बैठने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी तरीके अपना रही है।
जिला अध्यक्ष ने बताई प्रदर्शन की वजह
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि राहुल गांधी अपने सांसदों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके विरोध में वे सात घंटे तक धरने पर बैठे रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसी घटना के विरोध में कांग्रेस ने देशव्यापी प्रदर्शन करते हुए इस दिन को ‘लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ के रूप में मनाया।
बलरामपुर में आयोजित जुलूस एवं प्रदर्शन में इनायत फिरोज, मोहम्मद जमील, वरिष्ठ कांग्रेस नेता इजहार भाई, गौरव शुक्ला, दीपक मिश्रा, त्रिलोकी यादव और जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


