निर्माणाधीन रिंग रोड का डीएम ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

 


ब्यूरो रिपोर्ट: प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने शुक्रवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिंग रोड के प्वाइंट संख्या 15.00 और गोंडा रोड स्थित प्रारंभिक बिंदु पर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई भौतिक प्रगति और परियोजना को पूरा करने की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रिंग रोड के सभी निर्माण स्थलों पर एक साथ काम शुरू कराने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए। प्रत्येक निर्माण स्थल पर जरूरत के अनुसार अलग-अलग मशीनरी, पर्याप्त श्रमिक और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि संसाधनों की कमी के कारण काम प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य चरणबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से संचालित किए जाएं। किसी एक स्थान पर काम पूरा होने की प्रतीक्षा किए बिना अन्य उपलब्ध स्थलों पर भी समानांतर रूप से निर्माण कराया जाए, जिससे परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की दिशा में तेजी से प्रगति हो सके।

डीएम ने एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिंग रोड के प्रत्येक निर्माण बिंदु की अलग-अलग कार्ययोजना और प्रगति चार्ट तैयार किया जाए। इसमें कार्यों की वर्तमान स्थिति, शेष निर्माण, उपलब्ध मशीनरी, तैनात मैनपावर और कार्य पूरा करने की लक्षित समयसीमा का स्पष्ट उल्लेख हो। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों का आकलन किया जाए। जिन स्थलों पर काम की गति धीमी है, वहां अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।

उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि रिंग रोड जनपद की यातायात व्यवस्था और भविष्य की विकास आवश्यकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम करने, भारी वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने और प्रमुख मार्गों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा तकनीकी अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी और अपेक्षित गति से निर्माण कार्य पूरा कराना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

निरीक्षण के दौरान एनएच के संबंधित अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि तथा अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post