प्रयागराज: ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के लैब अटेंडेंट की गोली मारकर हत्या, पड़ोसियों से विवाद के बीच वारदात


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी इलाके में गुरुवार सुबह ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के 52 वर्षीय लैब अटेंडेंट सतीश कुमार श्रीवास्तव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उनके घर में घुस आए। पहले लाठी-डंडों से हमला किया और फिर उन्हें गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए सतीश कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पड़ोसियों से चल रहा था विवाद

परिजनों के मुताबिक, सतीश कुमार श्रीवास्तव सलोरी इलाके में रहते थे और उनका पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि गुरुवार सुबह इसी विवाद के चलते कुछ लोग उनके घर में घुस आए। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और गोली मार दी गई।

निजी अस्पताल से एसआरएन अस्पताल किया गया रेफर

घटना के बाद परिजन घायल सतीश कुमार को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसआरएन अस्पताल में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं, अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में वकीलों के जुटने की सूचना भी सामने आई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, घटना के पीछे की वजह और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच जारी है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

Previous Post Next Post