अन्नपूर्णा मुहिम ने फिर बढ़ाया मदद का हाथ, बेसहारा परिवार को दूसरी बार पहुंचाई राशन किट

ब्यूरो रिपोर्ट राम चंद्र, उन्नाव ✍️

उन्नाव, 1 अक्टूबर। आर्थिक तंगी से जूझ रहे उन्नाव के एक जरूरतमंद परिवार को संत रामपाल जी महाराज की अन्नपूर्णा मुहिम के तहत लगातार दूसरी बार एक माह की राशन किट उपलब्ध कराई गई। इससे पहले 3 सितंबर को भी परिवार को खाद्य सामग्री प्रदान की गई थी।

जिला उन्नाव की तहसील सदर और ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी के गांव उमराय खेड़ा निवासी छह सदस्यीय परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा है। परिवार में 70 वर्षीय चन्नी, उनके 40 वर्षीय पुत्र मन्ना, 35 वर्षीय बहू जानकी और तीन बच्चे रोशनी (10), पारुल (4) तथा योगेंद्र (3) शामिल हैं।

परिवार के अनुसार, मन्ना बीमारी के कारण नियमित रूप से काम करने में सक्षम नहीं हैं, जबकि बुजुर्ग सदस्य भी आय अर्जित करने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में परिवार की जिम्मेदारी जानकी पर है। नियमित आय का साधन नहीं होने के कारण परिवार को भोजन और दैनिक जरूरतों की सामग्री जुटाने में परेशानी हो रही थी। परिवार कच्चे मकान में रह रहा है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

दूसरी बार पहुंचाई गई राशन किट

परिवार की स्थिति की जानकारी गांव निवासी बबलू दास द्वारा अन्नपूर्णा मुहिम से जुड़े कार्यकर्ताओं को दी गई। इसके बाद 3 सितंबर को परिवार का सर्वे कर उसकी परिस्थितियों का जायजा लिया गया और एक माह की राशन किट उपलब्ध कराई गई।

अब 1 अक्टूबर को टीम ने दोबारा परिवार के घर पहुंचकर राशन किट उपलब्ध कराई। किट में आटा, चावल, चना, उड़द दाल, पीली मूंग दाल, हरी मूंग दाल, सरसों का तेल, चीनी, चायपत्ती, दूध पाउडर, गरम मसाला, अचार, नहाने व कपड़े धोने का साबुन तथा डिटर्जेंट पाउडर सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री शामिल रही।

मुहिम से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार, परिवार के आत्मनिर्भर होने तक उसकी आवश्यकताओं के अनुसार सहायता जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। अन्नपूर्णा मुहिम के माध्यम से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक भोजन एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, यह सेवा कार्य जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।

Previous Post Next Post