सीएमओ ने सिंधौली और पुवायां सीएचसी का किया औचक निरीक्षण

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधौली और पुवायां का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों की संख्या, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिंधौली सीएचसी में 175 मरीजों की हुई जांच

सीएमओ ने दोपहर करीब एक बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंधौली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। प्रसव के लिए दो मरीज भर्ती पाए गए। निरीक्षण के समय तक सीएचसी में कुल 175 मरीज देखे जा चुके थे।

एआरवी और एएसवी स्टॉक में उपलब्ध मिली। वहीं 42 मरीजों को एआरवी लगाई जा चुकी थी। सीएमओ ने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जफर अकरम को निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान एप्रेन अनिवार्य रूप से धारण करने को कहा।

पुवायां सीएचसी में 304 मरीज देखे गए

इसके बाद सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुवायां का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय तक कुल 304 मरीज देखे जा चुके थे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र पाल ने सीएमओ को अस्पताल का भ्रमण कराया।

सीएचसी में एएसवी और एआरवी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिली। निरीक्षण के समय तक 28 लोगों को एआरवी लगाई जा चुकी थी। सीएमओ ने समस्त स्टाफ को एप्रेन एवं निर्धारित वेशभूषा में रहने के निर्देश दिए।

उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा मरीजों एवं तीमारदारों से मृदुभाषा में बातचीत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्टेनो विवेक गौतम भी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post