लखनऊ। राजाजीपुरम के ब्लॉक-C में कुत्ते को गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में Aasra The Helping Hands Trust की पहल पर तालकटोरा थाने में FIR दर्ज कराई गई है। घटना 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:35 बजे ग्रीनफील्ड स्कूल के पास विजन ऑप्टिकल के नजदीक हुई।
आरोप है कि एक व्यक्ति बाइक से मौके पर पहुंचा और उसके पास मौजूद राइफल से कुत्ते को गोली मार दी। गोली लगने के बाद कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई।
NGO ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की
घटना की जानकारी मिलने के बाद Aasra The Helping Hands Trust की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तालकटोरा थाने में शिकायत दी, जिसके आधार पर FIR दर्ज की गई। संस्था ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संस्था की ओर से मृत कुत्ते के पोस्टमार्टम की भी मांग की गई है। बताया गया है कि कुत्ते का शव फिलहाल संस्था के पास सुरक्षित है।
Aasra The Helping Hands Trust की ओर से बताया गया कि संस्था पिछले कई वर्षों से पशु क्रूरता से जुड़े मामलों में रेस्क्यू, उपचार और कानूनी कार्रवाई के लिए कार्य कर रही है। संस्था ने कहा कि पशुओं के साथ क्रूरता के मामलों में कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
