ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️
प्रयागराज। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की विष्णुपुरी कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नगर कुशवाहा बस्ती में शुक्रवार रात बीए द्वितीय वर्ष के 19 वर्षीय छात्र अनुराग कुमार की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, छात्र कमरे में फंदे से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
कौशांबी के चरवा थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव निवासी अनुराग प्रयागराज में अपने बड़े भाई सुनील कुमार सरोज के साथ रहता था। वह संदीपन घाट क्षेत्र के रसूलाबाद उर्फ कोइलहा गांव स्थित शहीद कैप्टन डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।
बताया गया कि अनुराग का बड़ा भाई सुनील कुमार अधिवक्ता है और प्रयागराज कचहरी में प्रैक्टिस करता है। सुनील ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम वह अपनी पत्नी और छह वर्षीय बेटे के साथ लाइब्रेरी गया था। उस समय अनुराग घर पर अकेला था।
कुछ देर बाद परिवार के वापस लौटने पर अनुराग के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो खिड़की से अंदर देखा गया, जहां अनुराग पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पूरामुफ्ती पुलिस ने कमरे की जांच की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें परिवार और चाहने वालों से दुखी नहीं होने की बात लिखी गई थी। नोट के अंत में हंसता हुआ चेहरा भी बनाया गया था।
पूरामुफ्ती थानाध्यक्ष शांतनु सिंह के मुताबिक, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
