कार्यकर्ताओं ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी
ब्यूरो रिपोर्ट राम चंद्र, उन्नाव ✍️
उन्नाव, 7 अक्टूबर। मोहन विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को विकसित भारत सेवा संकल्प ज्योति यात्रा के दौरान हादसा हो गया। यात्रा में शामिल भाजपा विधायक बृजेश रावत का हाथ अचानक मशाल की आग की चपेट में आकर झुलस गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता मिलन पांडे का हाथ भी झुलसने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि विधायक बृजेश रावत कार्यकर्ताओं के साथ हाथ में मशाल लेकर यात्रा में शामिल थे। इसी दौरान अचानक आग की चपेट में आने से उनके हाथ में जलने की चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए विधायक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विधायक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि हाथ में चोट के कारण उन्हें दर्द की शिकायत है। घायल कार्यकर्ता मिलन पांडे का भी उपचार कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्नाव के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक अस्पताल पहुंचने लगे। समर्थकों ने विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मशाल यात्रा का उद्देश्य देश के विकास, सेवा और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यात्रा का माहौल चिंता में बदल गया, हालांकि समय पर उपचार मिलने के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
