जनगणना द्वितीय चरण के जिला फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण का डीएम ने किया शुभारंभ

 


शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित करने के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले फील्ड ट्रेनर्स को मिलेगा सम्मान

स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने बुधवार को जी.डी. गोयनका में आयोजित जिला फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 7 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनर्स का उत्साहवर्धन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के प्रथम चरण में जनपद की टीम ने पूरी लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया। इसके परिणामस्वरूप शाहजहांपुर स्वगणना में पूरे प्रदेश में प्रथम तथा जनगणना में तृतीय स्थान पर रहा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी टीम भावना के साथ द्वितीय चरण में भी उत्कृष्ट कार्य किया जाए।

उत्कृष्ट फील्ड ट्रेनर्स को किया जाएगा सम्मानित

जिलाधिकारी ने प्रथम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले फील्ड ट्रेनर्स को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ऐसे सभी फील्ड ट्रेनर्स को 18 अक्टूबर 2026 को एक प्रतिष्ठित स्थल पर आयोजित सम्मान भोज में सपरिवार आमंत्रित किया जाएगा।

कोई भी पात्र व्यक्ति गणना से न छूटे

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया कि निर्धारित अवधि में प्रत्येक व्यक्ति की शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित की जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति गणना से छूटने न पाए। उन्होंने जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर जोर दिया।

16 नवंबर से शुरू होगा स्वगणना का कार्य

अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी ने द्वितीय चरण के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सहित उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में द्वितीय चरण की जनगणना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि स्वगणना 16 से 30 नवंबर 2026, द्वितीय चरण की गणना 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक, बेघर परिवारों की गणना 4 जनवरी 2027 को शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक तथा पुनरीक्षण कार्य 5 से 9 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।

प्रशिक्षण स्टेट मास्टर ट्रेनर सर्वेश कुमार यादव, तहसीलदार न्यायिक-सदर दीपेन्द्र कुमार, तहसीलदार न्यायिक-पुवायां चिन्ता कुमार तिवारी, चकबंदी अधिकारी शाहजहांपुर तथा सहायक अध्यापक-पुवायां अनूप कुमार बरनवाल द्वारा प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सहित अतिरिक्त मजिस्ट्रेट एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous Post Next Post