स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। थाना बंडा पुलिस ने पीड़िता को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से पीड़िता को धमकाकर उसका शोषण कर रहा था और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी भी दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2026 को पीड़िता की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना बंडा में मुकदमा अपराध संख्या 458/2026 के तहत धारा 64(2)(m), 77, 78(1) और 351(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मोबाइल देकर बातचीत का बनाया दबाव
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो प्राप्त कर उसे ब्लैकमेल किया और कथित तौर पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने के बाद 1 अक्टूबर को आरोपी ने उसे मोबाइल फोन देकर दोबारा बातचीत करने का दबाव बनाया। बातचीत नहीं करने पर फोटो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक जयचन्द गिरी ने रामनगर कॉलोनी से आरोपी नफीस पुत्र घसीटेशाह, निवासी ग्राम पट्टी छज्जुपुर, थाना बंडा, को 4 अक्टूबर की शाम करीब 7:55 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताई संबंध होने की बात
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता से पिछले करीब दो वर्षों से संबंध होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि पीड़िता से बातचीत के लिए उसने मोबाइल फोन दिया था, जिसे बाद में पीड़िता ने वापस कर दिया था। इसके बाद 1 अक्टूबर को वह पीड़िता के घर गया और दोबारा मोबाइल देकर बातचीत करने के लिए कहा।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक जयचन्द गिरी और कांस्टेबल 660 सुमित कुमार शामिल रहे।
