सहायक ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर)। विकासखंड सकरन क्षेत्र में शुक्रवार रात बारिश और तेज हवा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ग्राम पंचायत टेडवा के मजरा हनिहा में पक्की दीवार का पिलर गिरने से उसके ऊपर रखा छप्पर भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे के समय छप्पर के नीचे सो रहे दंपत्ति मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
रात करीब आठ बजे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनिहा गांव निवासी रामखेलावन (55) और उनकी पत्नी रामरानी (52) शुक्रवार रात करीब आठ बजे अपने घर में छप्पर के नीचे लेटे हुए थे। इसी दौरान बारिश और तेज हवा के चलते पक्की दीवार से बना ईंटों का पिलर अचानक गिर गया। पिलर गिरने से दीवार पर रखा छप्पर भी भरभराकर नीचे आ गया और दोनों उसके मलबे में दब गए।
ग्रामीणों ने मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया
दंपत्ति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने मिलकर मलबा हटाया और दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सांडा ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने देर रात दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
राजस्व विभाग ने की मौके पर जांच
घटना की सूचना राजस्व विभाग को दी गई। क्षेत्रीय लेखपाल कलीम अहमद ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच की गई है। जांच में पक्की दीवार, पिलर और छप्पर गिरने से दंपत्ति के घायल होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों को भेजी जाएगी।
फिलहाल घायल दंपत्ति को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
