बलरामपुर में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन, एसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि


ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में शोक परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति को नमन करते हुए शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

देशभर के 154 पुलिसकर्मियों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से जारी संदेश का उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समक्ष वाचन किया। संदेश के अनुसार, बीते एक वर्ष के दौरान पूरे भारत में कुल 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस के छह वीर सपूत भी शामिल हैं।

इस दौरान शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम पढ़कर उनके शौर्य, अदम्य साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण को याद किया गया।

“पुलिस का कर्तव्य सेवा, त्याग और बलिदान की पराकाष्ठा है”

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कहा, “पुलिस का कर्तव्य केवल नौकरी नहीं, बल्कि सेवा, त्याग और बलिदान की पराकाष्ठा है। जो जवान शहीद हुए हैं, वे हमारे लिए प्रेरणा हैं। हमें उनके परिवारों का सम्मान करना चाहिए और उनके अधूरे कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।”

उन्होंने शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

हर वर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस

कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के लिए देशभर में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करने का अवसर है।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी उतरौला/लाइन डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, क्षेत्राधिकारी ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय और पुलिस उपाधीक्षक अशोक सिंह सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Previous Post Next Post