स्टेट हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। महिला थाना पुलिस ने पारिवारिक विवादों के मामलों में काउंसलिंग के माध्यम से दो दंपतियों के बीच समझौता कराया। दोनों दंपतियों को आपसी सहमति के बाद सकुशल उनके घर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को महिला थाना शाहजहांपुर में पारिवारिक विवादों से संबंधित छह पत्रावलियों पर सुनवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और आपसी संवाद एवं काउंसलिंग के जरिए विवादों के समाधान का प्रयास किया।
सदर बाजार क्षेत्र का मामला
सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब दो वर्ष पहले हुआ था। उनके दो बच्चे हैं। महिला पिछले करीब पांच माह से अपने मायके में रह रही थी। महिला ने काउंसलिंग के दौरान पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट व गाली-गलौज कर घर से निकालने का आरोप लगाया।
महिला ने पति के साथ रहने की इच्छा जताते हुए सम्मानपूर्वक रखे जाने की बात कही। वहीं पति ने भी पत्नी और बच्चों के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की। महिला थाना पुलिस की काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते के लिए तैयार हो गए, जिसके बाद उन्हें सकुशल विदा किया गया।
सिंधौली क्षेत्र के दंपति में भी बनी सहमति
सिंधौली थाना क्षेत्र के एक दंपति का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व हुआ था। उनके छोटे बच्चे हैं। महिला करीब आठ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। काउंसलिंग के दौरान महिला ने पति एवं ससुराल पक्ष पर मारपीट और गाली-गलौज कर घर से निकालने का आरोप लगाया तथा पति के साथ रहने की इच्छा जताई।
पति की ओर से भी पत्नी और बच्चों के साथ रहने की सहमति जताई गई। महिला थाना पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद दोनों आपसी सहमति से समझौते के लिए तैयार हुए। इसके बाद दंपति को महिला थाना से सकुशल विदा किया गया।
महिला थाना पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए लगातार काउंसलिंग और संवाद के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मामलों का समाधान किया जा सके।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक रश्मि अग्निहोत्री, उपनिरीक्षक दिनेश दीक्षित, महिला उपनिरीक्षक सुषमा देवी, महिला कांस्टेबल निशा सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

